जयपुर। जयपुर जिले के जोबनेर क्षेत्र में मंगलवार शाम पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया। बंधे के बालाजी के पास महेशवास गांव में पत्थर तोड़ने के लिए किए गए ब्लास्ट के बाद पहाड़ी से पत्थर ढहकर नीचे काम कर रहे दो मजदूरों पर गिर गए। हादसे में दोनों मजदूर पत्थरों के नीचे दब गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एक मजदूर को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश में देर रात तक अभियान जारी रहा। समाचार लिखे जाने तक सर्च अभियान जारी था।
जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद के अनुसार इस हादसे में 27 वर्षीय दुर्गेश जायसवाल को पत्थरों के नीचे से सुरक्षित निकाल लिया गया। उसे उपचार के लिए भिजवाया गया। वहीं, दूसरे मजदूर फत्तेलाल यादव की तलाश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा और सांभर उपखंड अधिकारी ऋषिराज कपिल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी की। पत्थरों को हटाने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद ली गई। इसके अलावा एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। टीमें मलबे में दबे दूसरे मजदूर को निकालने के प्रयास में जुटी रहीं।
इधर हादसे के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने पहाड़ी से पत्थर तोड़ने के लिए अवैध रूप से ब्लास्टिंग किए जाने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि खदान के परमिट और खनन की वैधता की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और ग्रामीणों के आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















