पारिवारिक संकट दूर करने का झांसा देकर महिला से सोने के कड़े ठगने वाला सरगना गिरफ्तार

0
52

जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने गणेश पार्क के पास एक महिला से सोने के कड़े ठगने के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना मोहम्मद आबिद को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी किठौर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और ठगी के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह घर के बाहर गणेश पार्क के पास घूम रही थी। इस दौरान दो लोगों ने उसे रोककर पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा दिया और उसके हाथों से सोने के दो कड़े उतरवा लिए। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। वहीं इस मामले की जांच के लिए थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया। तकनीकी जांच में उनकी लोकेशन मेरठ में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और मुख्य आरोपी मोहम्मद आबिद (38) निवासी किठौर जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने साथी आमीर उर्फ कल्लू के साथ वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे पारिवारिक समस्याओं और दोष दूर करने का झांसा देकर महिलाओं का विश्वास जीतते और उनसे गहने उतरवा लेते थे। इसके बाद महिलाओं को आंखें बंद कर कुछ दूर चलने के लिए कहकर गहने लेकर फरार हो जाते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here