फर्जी ट्रेडिंग और आईपीओ में मुनाफे का लालच देकर 61.77 लाख की ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार

0
43

जयपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग, शेयर बाजार और आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर 61.77 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से पांच लाख रुपए आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। यह राशि एटीएम और आईएमपीएस के माध्यम से निकाली गई थी।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह ने बताया कि परिवादी ने 23 जनवरी 2025 को स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी गूगल पर शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के विकल्प तलाश रहा था। इसी दौरान वह ‘विकासा कैपिटल’ नामक ऑनलाइन निवेश पोर्टल के संपर्क में आया। यहां भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार के साथ आईपीओ में निवेश पर आकर्षक और सुनिश्चित मुनाफे का लालच दिया गया।

आरोपियों ने व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए लिंक भेजकर परिवादी से फर्जी निवेश एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई। शुरुआत में छोटी रकम निवेश करवाई गई और पोर्टल पर बढ़ता मुनाफा दिखाया गया। भरोसा जीतने के लिए एक बार छोटी रकम की निकासी भी करवाई गई। इसके बाद ‘सत्कार शॉपिंग’ का आईपीओ दिलाने और अधिक लाभ का लालच देकर पीजी एंटरप्राइज, एसके एंटरप्राइजेज, टेरापल्स प्राइवेट लिमिटेड, राधा माधब वैरायटीज, पार्थ ट्रेडर्स और प्रिशा एंटरप्राइज सहित विभिन्न फर्मों के बैंक खातों में बड़ी रकम जमा करवाई गई।

जब परिवादी ने निवेश की राशि और कथित मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो पोर्टल पर विदेशी निवेशक संस्था द्वारा खाता फ्रीज किए जाने का संदेश दिखाकर निकासी रोक दी गई। इसके बाद आरोपी संपर्क से बचने लगे। इस तरह कुल 61.77 लाख रुपए की ठगी की गई।

पुलिस को तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 16 जनवरी 2025 को पांच लाख रुपए सुजीत दिनकर पाटील के नाम से संचालित उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते में आए थे। बैंक स्टेटमेंट के अनुसार 16 और 17 जनवरी को यह रकम एटीएम और आईएमपीएस के जरिए निकाली गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली के एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद था। संबंधित न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे पूछताछ और अनुसंधान के लिए जयपुर लाया गया। बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने और निकालने में होने के आधार पर उसे इस मामले में सुजीत दिनकर पाटील को गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here