जयपुर। लालकोठी थाना इलाके में स्थित जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां पानी की बोतल भरने से मना करने पर दंडित बंदी सोनू उर्फ बंटी ने विचाराधीन बंदी कमलेश उर्फ गोलू के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना को लेकर पीड़ित की शिकायत पर 13 अक्टूबर को लालकोठी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि कमलेश उर्फ गोलू पुत्र मुन्नालाल टोंक के कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में जयपुर सेंट्रल जेल में बंद है। शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे कमलेश जेल में शौचालय के पास बैठा था। इसी दौरान सोनू उर्फ बंटी वहां आया और उससे पानी की बोतल भरकर देने के लिए कहा। कमलेश ने मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना के संबंध में कमलेश की ओर से शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















