दिल्ली की युवती को जयपुर बुलाकर 80 लाख ऐंठने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
51

जयपुर। मैट्रिमोनी ऐप के जरिए पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और 80 लाख रुपए की ठगी के मामले में विधायकपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को आयकर विभाग का निरीक्षक बताकर युवती का विश्वास जीता और दिल्ली से जयपुर बुलाकर उसके साथ कई होटलों में शारीरिक संबंध बनाए।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षिराज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सरस्वती सागर (27) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गंगानगर, भावनपुर का निवासी है। गत 3 सितंबर को नई दिल्ली के पालम विलेज थाने से शून्य नंबर की एफआईआर विधायकपुरी थाने में स्थानांतरित होकर आई थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से उसकी आरोपी से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को आयकर विभाग में निरीक्षक बताया और शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने विश्वास में ले लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़िता को दिल्ली से जयपुर बुलाकर यहां अलग-अलग होटलों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा, दिल्ली में फ्लैट खरीदने, नौकरी से जुड़ी परेशानियां दूर कराने और रिश्वत देने सहित अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कुल 80 लाख रुपए ले लिए।

इस बीच पीड़िता को आरोपी के किसी अन्य युवती के साथ संबंध होने की जानकारी मिली। इस पर विरोध जताने के बाद आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए। जांच के दौरान उसकी पूरी प्रोफाइल फर्जी पाई गई।

विधायकपुरी थाना प्रभारी महेश चंद ने बताया कि ठगी और धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने पहले दिल्ली में मामला दर्ज कराया था। वहां से शून्य नंबर की एफआईआर जयपुर भेजी गई। इसके बाद कांस्टेबल भाग्यवर्धन सिंह और रवि कुमार की टीम को आरोपी की तलाश में मेरठ भेजा गया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here