20 अक्टूबर को सजेगा दरबार: 400 कन्याओं और बटुकों का होगा पूजन

0
34

जयपुर। शारदीय नवरात्र के समापन और विजयादशमी के पावन पर्व पर गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा की ओर से 20 अक्टूबर को मुरलीपुरा के विकासनगर स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर में एक विशाल कन्या पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को गणेश जी को न्यौता दिया गया।

आयोजन के संयोजक प्रकाश चंद लखेरा ने जानकारी दी कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक होने वाले पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ से होगी। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली इस यज्ञ को पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराएगी। यज्ञ के उपरांत विजयादशमी के पावन उपलक्ष्य में परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन किया जाएगा।

श्री सालासर बालाजी धाम के पुजारी विष्णुदत्त पुजारी और गायत्री परिवार मुरलीपुरा के मनु महाराज के सान्निध्य में लगभग 400 कन्याओं और बटुकों का पूजन किया जाएगा। पूजन के पश्चात उन्हें ससम्मान भोजन प्रसादी कराई जाएगी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना के साथ पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी उपयोगी अध्ययन सामग्री भी वितरित की जाएगी।

सुनीता लखेरा ने बताया कि इस भव्य समारोह में वार्ड नंबर 11 के पार्षद शैलेन्द्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर चतुर्वेदी के मार्गिदर्शन में मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस कन्या-बटुक पूजन महोत्सव में मुरलीपुरा क्षेत्र की विभिन्न विकास समितियों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के गणमान्य प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here