जयपुर। शारदीय नवरात्र की धूम के बीच गुलाबी शहर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक आमेर शिला माता मंदिर में 16 अक्टूबर को षष्ठी का भव्य मेला भरेगा। मेले को लेकर मंदिर प्रशासन और पुलिस द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिससे मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मंदिर के पुजारी बनवारी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि नवरात्र के दौरान माता के दर्शन के लिए विशेष समय सारणी तय की गई है। जिसमें श्रद्धालु सुबह 6 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक और दोपहर साढ़े 3 से शाम 4 बजे के अंतराल के बाद शाम 4 से रात साढ़े 8 बजे तक माता के दर्शन कर सकेंगे।
जिसके पश्चात दोपहर साढ़े 12 से शाम 4 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। 18 अक्टूबर रात्रि 10 बजे विशेष निशा पूजन का आयोजन होगा। 19 अक्टूबर शाम साढ़े 4 बजे हवन की पूर्णाहुति अर्पित की जाएगी। 21 अक्टूबर सुबह साढ़े 10 बजे नवरात्रा उत्थापना का कार्यक्रम संपन्न होगा।
इसके अलावा नवरात्र के दिनों में मंदिर में रोजाना होने वाले दैनिक अनुष्ठान निर्धारित समय पर चल रहे हैं, जिसमें सुबह 8 से सवा 8 बजे तक बाल भोग, प्रात: 10 बजे आरती, शाम साढ़े 6 बजे संध्या आरती, रात्रि पौने 8 से 8 बजे तक रात्रि भोग और रात साढ़े 8 बजे शयन आरती शामिल है।
जयपुर के अन्य देवी मंदिरों में भी गूंज रहे जयकारे
आमेर शिला माता मंदिर के साथ-साथ राजधानी जयपुर के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। आमेर स्थित मनसा माता मंदिर, घाटगेट स्थित काली माता मंदिर, और दुर्गापुरा के दुर्गा माता मंदिर में दूर-दूर से पहुंच रहे भक्त मां के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पूरे शहर में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से संपूर्ण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।



















