जयपुर। गूगल एप्लिकेशन लिंक के जरिए 80 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में सुभाष चौक थाना पुलिस ने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त उत्तर करन शर्मा ने बताया कि सुभाष चौक थाना पुलिस ने गूगल एप्लिकेशन लिंक के जरिए 80 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में मोहम्मद सोनू उर्फ मकसूद (26) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिहारी गांव का निवासी है। पुलिस उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त कर मामले में इस्तेमाल किए गए अन्य खातों और साइबर ठगी में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी भरत लाल ने बताया कि परिवादी के साथ गूगल एप्लिकेशन लिंक के जरिए 80 हजार रुपए की ठगी की गई थी। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस गठित टीम ने ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस टीम को पटना और वैशाली जिलों में भेजा गया, जहां ठगी की राशि प्राप्त करने वाले खाताधारक मोहम्मद सोनू उर्फ मकसूद को गिरफ्तार किया।


















