जयपुर। श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ जयपुर के तत्वावधान में निकाली जा रही जयपुर से श्री महावीर जी की 40वीं ऐतिहासिक पदयात्रा का भव्य सफर जारी है। यात्रा के शुक्रवार को दौसा के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर दौसा जैन समाज द्वारा पदयात्रियों का अभूतपूर्व और भावभीना स्वागत किया गया।
संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन एवं संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में 14 अक्टूबर को संघिजी की नसिया (खानिया) से रवाना हुई यह पदयात्रा जब दौसा पहुंची, तो जैन समाज में गजब का उत्साह देखने को मिला। पदयात्रियों ने स्नानादि के बाद मंदिर जी में संगीतमय सामूहिक पूजन किया। इस दौरान ‘पारस प्यारा लागो जिनेश्वर प्यारा लागो…’ भजनों पर भक्तों ने नृत्य प्रस्तुत किया।
यात्रा के दौरान ज्ञानवर्धक जैन धार्मिक हाऊजी का आयोजन किया गया, जिसमें रीना, मणि, रेखा और नेहा जैन विजयी रहे जिन्हें अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सूर्य प्रकाश छाबड़ा ने किया। समाजश्रेष्ठी राजकुमार व शुभम बड़जात्या ने श्रीजी की माल का पुण्यार्जन किया, जिसके बाद जयकारों के बीच श्रीजी के कलशाभिषेक संपन्न हुए।
दौसा जैन समाज के अध्यक्ष प्रकाश चंद जैन नेतावाला, महामंत्री राजेंद्र जैन खैरवाल, कोषाध्यक्ष अजीत जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने पदयात्रा संघ के पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पदयात्री कालाखोह स्कूल पहुंचे, जहां डांडिया और रात्रि विश्राम के बाद यात्रा ने आगे की राह पकड़ी।
सह-संयोजक सुकुमार जैन एवं दीपा गोधा ने बताया कि शनिवार को पदयात्रा प्रातः सिकंदरा के दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहां सिकंदरा जैन समाज द्वारा पदयात्रियों का स्वागत किया जाएगा तथा मंदिर में पूजा, भक्ति संगीत और कलशाभिषेक के आयोजन होंगे। इसके बाद गीजगढ़ में सायंकालीन भोजन व आरती के पश्चात तालचिड़ा स्कूल में रात्रि विश्राम होगा।
रविवार को यात्रा गुढ़ाचंद्रजी के श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी, जहां पूजा-अर्चना व कलशाभिषेक होंगे। शाम को नादोती के महावीर पब्लिक स्कूल में धार्मिक अंताक्षरी का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को पदयात्रा खेडला-खेडली होते हुए श्री महावीर जी पहुंचेगी। यहां चांदनगांव से एक विशाल जुलूस के रूप में नाचते-गाते पदयात्री मुख्य मंदिर पहुंचेंगे और दर्शन करेंगे।



















