भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान के विरोध में कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन कर पुतले फूंके

0
34

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित विवादित बयान के विरोध में शनिवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए गए। जयपुर सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका और बयान के प्रति नाराजगी जताई।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बयान पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत में आतंकवाद और अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। इसके कारण देश के अनेक निर्दोष नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। ऐसे संवेदनशील विषय पर दिया गया बयान देश के सैनिकों, शहीदों और आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की भावनाओं को आहत करने वाला है।

चतुर्वेदी ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 भारतीय जवानों और पहलगाम में आतंकवादियों के हमले में मारे गए 26 निर्दोष नागरिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी लंबे समय से देश में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का बयान पाकिस्तान के पक्ष में खड़े होने जैसा है। कांग्रेस ने इसे देश के वीर सैनिकों, शहीदों और आतंकवाद के कारण अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों का अपमान बताया।

कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शनों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सैनिकों का बलिदान और शहीदों का सम्मान देश की अस्मिता से जुड़ा विषय है। पार्टी ने बयान पर विरोध जताते हुए प्रदेशभर में प्रदर्शन के माध्यम से अपना रोष दर्ज कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here