जयपुर। चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित चिन्मय अमृत महोत्सव के तहत देशभर में भ्रमण कर रही चिन्मय अमृत यात्रा शनिवार को जोधपुर से होते हुए जयपुर पहुंची। यात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया गया। अजमेर रोड स्थित राजेश मोटर्स पर सीएच शाह, रेवा शाह और चिन्मय मिशन के पदाधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा भव्य रैली के रूप में त्रिवेणी नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुई।
चिन्मय मिशन जयपुर के अशोक सोढ़ानी, मनोज खुराना, ममता मानसिंघका, सत्यम नाहटा, विनीता सोढ़ानी सहित मिशन के साधकों, श्रद्धालुओं और युवाओं ने वाहनों के साथ रैली में भाग लिया। मार्ग में कई स्थानों पर सनातन संस्कृति के अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। विश्वविद्यालय परिसर में गुरुदेव चिन्मयानंद के विग्रह, यात्रा में शामिल स्वामीजी और युवा सदस्यों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
शाम को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में ‘स्वागतम गुरुदेव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चिन्मय मिशन दक्षिण अफ्रीका के आचार्य पूज्य स्वामी अभेदानंद ने उद्बोधन दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के निदेशक प्रोफेसर लोकमान्य मिश्र रहे। अशोक सोढ़ानी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि डॉ. मनोज खुराना ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संगीता गुप्ता ने किया।
आयोजन का उद्देश्य पूज्य गुरुदेव चिन्मयानंद के विचारों, वेदांत दर्शन के जीवनोपयोगी संदेशों और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से आमजन को जोड़ना है।


















