जयपुर। नवरात्र के अवसर पर मानसरोवर के सेक्टर-6 स्थित हीरापथ सामुदायिक केंद्र में ‘डांडिया धमाल’ का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक गरबा-डांडिया, संगीत और उत्साह से सराबोर इस कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक श्रृंगार और नारी शक्ति के सम्मान की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन नए सपने नई उड़ान की संस्थापक ज्योति शर्मा, जय जननी संस्थान की संस्थापक अन्नू गुप्ता एवं सह-संस्थापक अमिता शर्मा तथा कम ऑन डू इट (सीओडीआई) की संस्थापक शिवानी सिंह और बबीता के संयुक्त प्रयासों से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां अम्बे की आरती के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की धुनों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक श्रृंगार ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

आयोजकों ने बताया कि ‘डांडिया धमाल’ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को पहचानना, उनका सम्मान करना और उनके कौशल, रचनात्मकता तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आरएएस अधिकारी पंकज ओझा, डॉ. जयश्री भार्गव, सनी कुलश्रेष्ठ, राधेश्याम, बसंत, नवल किशोर और पार्षद पंकज सोनी उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में राजस्थान विश्वविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. डेजी शर्मा, महिला प्रदेश की मीडिया प्रभारी सुजाता मीणा, जयपुर दरबार टीम, मोनू मीणा (पिंक सिटी बॉय), श्रेयांश चौहान, मेकअप आर्टिस्ट रुचि वर्मा, रिया मनोज (जयपुर आइकॉन्स), प्राची जैन, हेमलता सोयल (वीएलसीसी), पूजा (स्नेहलता फाउंडेशन), केएमएस की प्राचार्य मीनाक्षी सैनी और निदेशक योगेश सैनी शामिल रहे।

आयोजन में सहयोगी संस्थानों के रूप में इमेजिका स्कूल, महाराजा अग्रसेन पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, जयपुर मीटअप की एकाक्षा अग्रवाल, वर्कलेजर के अक्षय जैन, मर्ज कंसल्टेंसी और जानकी मास हेल्पिंग हैंड्स का सहयोग रहा। इसके अलावा प्रिक्स एंड आर्ट्स के सुनील शर्मा, मानसरोवर स्थित लक्ष्मी कलेक्शन के भगवान देवनानी और वृंदावन पेंट्स के राजू तिवारी ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम स्थल पर खाने-पीने की विभिन्न स्टॉल लगाई गईं, जहां लोगों ने व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में बेस्ट जोड़ी, डांडिया क्वीन, डांडिया किंग और बेस्ट श्रृंगार सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया गया। लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया। मॉडल ममता जायसवाल, प्रियंका मीणा और पहल शर्मा की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन एंकर दिया शर्मा ने किया।
‘डांडिया धमाल’ में पारिवारिक सहभागिता, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तीकरण का संगम देखने को मिला। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सांस्कृतिक पर्व समाज को जोड़ने, महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को भारतीय विरासत से परिचित कराने का माध्यम बन सकते हैं। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, सहयोगी संस्थानों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।



















