जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने थार चोरी की वारदात करने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की महिंद्रा थार बरामद कर ली है। आरोपी रात में सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों के लॉक तोड़कर चोरी करते और पुलिस से बचने के लिए वाहनों के नंबर बदलकर दूसरे राज्यों में ले जाते थे।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने थार चोरी की वारदात करने वालेअंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के शातिर बदमाश निशार मकबुल खान (54) निवासी कांदिवली वेस्ट, मुंबई, मोहम्मद सलीम खान (35) निवासी मंगलौर जिला हरिद्वार उत्तराखंड और अलताफ जाहिद अली अंसारी (45) निवासी पालघर महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात में सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी करते थे। वारदात के बाद तुरंत शहर छोड़ देते और पहचान छिपाने के लिए वाहन के नंबर बदलकर दूसरे राज्यों में पहुंचा देते थे।
थानाधिकारी बृजमोहन कविया ने बताया कि 21 अक्टूबर को परिवादी रामकुमार सिंह कुशवाह ने ब्रह्मपुरी थाने में अपनी महिंद्रा थार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस वारदात के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वाहन के आने-जाने का मार्ग तलाशा और तकनीकी साक्ष्यों व जीपीएस ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों का पीछा किया।
पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई में स्थानीय पुलिस की सहायता से नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की थार बरामद की गई।

















