जयपुर। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने विशेष कार्रवाई की। पुलिस ने एक ही दिन में एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालिका भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान 647 ग्राम 68 मिलीग्राम गांजा, 62 ग्राम 36 मिलीग्राम स्मैक और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के सुपरविजन में दक्षिण जिले के सभी थानों, जिला विशेष टीम और साइबर सेल की टीमें गठित की गईं। टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी और नशे से जुड़े मामलों में आरोपियों की धरपकड़ की।
इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कच्ची बस्तियों में घर-घर जाकर सर्वे किया। चालानशुदा और संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर घरों की जांच की गई। संदिग्धों के मोबाइल फोन की जांच और पूछताछ के आधार पर जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के डोजियर तैयार कर नशे के कारोबार से जुड़ी सूचनाएं संकलित कीं।
पुलिस की कार्रवाई में कोटखावदा से अशोक बिडावत, चाकसू से अगामी सांसी, मुहाना से देवकी मालावत और हेमलता मालावत, सांगानेर सदर से अनिता सांसी और पार्वती देवी तथा शिप्रापथ से सुमन देवी को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा पत्रकार कॉलोनी से मोडाराम, अशोक नगर से मोहम्मद कासिम, ज्योति नगर से आनन्द कुमार, सोडाला से सोराब और मनीष उर्फ मन्ना तथा श्याम नगर से मोनू शर्मा और मनीष को पकड़ा गया।
महेश नगर से जयपाल सिंह और गणेश गौड़, शिवदासपुरा से सीमा सांसी, विधायकपुरी से शुभम सिंह तथा मानसरोवर से लक्की गुलराजन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नारायण विहार थाना क्षेत्र में एक विधि से संघर्षरत बालिका को भी निरुद्ध किया गया।

















