जयपुर। जयपुर-अजमेर-दिल्ली एक्सप्रेस हाईवे पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। 200 फीट नांगल पुलिया कट के पास एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पुलिया के किनारे लटक गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर जयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक दुपहिया वाहन चालक सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और स्टीयरिंग घुमा दिया। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच लगे डिवाइडर को तोड़ता हुआ दूसरी लेन में पहुंच गया और पुलिया के किनारे लटक गया। ट्रेलर का अगला हिस्सा हवा में लटक गया, जबकि पिछला हिस्सा सड़क पर ही रहा।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस के अनुसार, दुपहिया वाहन चालक सुरक्षित बच निकला। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

















