जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने व्यापारियों से कैश कलेक्शन कर लौट रहे युवकों से बीस लाख रुपए से भरा बैग लूटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 18 लाख 93 हजार रुपए, एक मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि नाहरगढ़ थाना पुलिस ने व्यापारियों से कैश कलेक्शन कर लौट रहे युवकों से बीस लाख रुपए से भरा बैग लूट कर फरार हुए बदमाश फैजान (20) निवासी गणगौरी बाजार हाल शास्त्री नगर, आदिल (21) निवासी कल्याण जी का रास्ता कोतवाली हाल भट्टा बस्ती और कैफ (21) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे और महंगे शौक के आदी हैं। वे पहले नकदी लाने-ले जाने वालों की रेकी करते और फिर उन्हें निशाना बनाकर लूट की वारदात करते थे।

थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ ने बताया कि परिवादी चंपालाल ने 26 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी हितेश कुमार के साथ सीकर हाउस से व्यापारियों से नकदी एकत्र कर जयलाल मुंशी का रास्ता स्थित एक दुकान पर पहुंचे थे। हितेश दुकान के अंदर भुगतान लेने गया, जबकि चंपालाल स्कूटी पर बैठा रहा। रुपयों से भरा बैग स्कूटी के पायदान पर रखा था।
इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 20 लाख रुपए बताए गए थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और वारदात की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के भागने के रास्ते के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर तकनीकी विश्लेषण करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

















