हाईवे पर राहगीरों से लूटपाट करने वाली गैंग के तीन बदमाश चढे पुलिस के हत्थे

0
51

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दिल्ली-अजमेर हाईवे पर राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 63 वर्षीय मोहनलाल जांगिड़ से मारपीट कर मोबाइल फोन और 7,300 रुपए लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी और दस्तावेज बरामद कर लिए हैं, जबकि मोबाइल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने दिल्ली-अजमेर हाईवे पर राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट करने वाली गैंग के शातिर बदमाश ललित कुमार वर्मा उर्फ टमाटर (20) निवासी गंगापुर सिटी हाल मुरलीपुरा, अंकित कुमार सिंह (22) निवासी मधुबनी (बिहार) हाल मुरलीपुरा स्कीम और गणेश कुमावत उर्फ कान्हा (25) निवासी तिगरिया चौमूं को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। ललित के खिलाफ हरमाड़ा थाने में 2024 का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अंकित के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में 2024 में चोरी का मामला दर्ज है। गणेश के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं, जो विचाराधीन हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के प्रयास जारी है। थानाधिकारी ने बताया कि सीकर जिले के जयरामपुरा निवासी मोहनलाल जांगिड़ ने हरमाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दिल्ली-अजमेर हाईवे पर नंबर-14 पुलिया की स्लिप लेन से उतरकर अपने भाई के घर जा रहे थे।

इसी दौरान दो युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर दो-तीन अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर जेब में रखे 7 हजार 300 रुपए लूट लिए और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here