जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार—बुधवार की मध्यरात्रि को खानियां बंधा स्थित फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा तैयार फर्नीचर और कच्चा माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अग्निशमन अधिकारी गौतम लाल ने बताया कि मंगलवार—बुधवार की मध्यरात्रि को कंट्रोल रूम को खानियां बंधा स्थित फर्नीचर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर भेजी गईं।
आग की लपटें तेज होने और धुआं दूर तक फैलने के कारण कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम में तैयार फर्नीचर और कच्चा माल रखा था, जिसका बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
खोह नागोरियान थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद चलेगा।
इधर आगरा रोड पर आग बुझाने के लिए जा रहे दमकल वाहन की चपेट में आने से बनीपार्क फायर स्टेशन पर कार्यरत ठेका कर्मचारी फायरमैन दीपेंद्र पाठक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वह आग बुझाने के लिए दमकल वाहन रवाना हो रहा था। तभी पाठक वाहन के नीचे आ गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है। उन्हें एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

















