फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्रों से चयन मामला:बैक डेट प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में चार गिरफ्तार

0
50

जयपुर। तृतीय श्रेणी शिक्षक (लेवल-1) भर्ती-2022 में फर्जी ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्रों के आधार पर चयन सूची में स्थान हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने शारीरिक शिक्षक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों ने जयपुर महानगर द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद एसओजी ने उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड, दुर्गापुरा की ओर से वर्ष 2022 में आयोजित भर्ती में खेल कोटे के तहत दो प्रतिशत अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था। ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्रों के आधार पर दो गुना चयन सूची में 38 अभ्यर्थियों ने स्थान प्राप्त किया था। इन अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग की चयन समिति के समक्ष राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे।

फर्जी ईमेल से भेजी गई सत्यापन रिपोर्ट

एसओजी में दर्ज प्रकरण की जांच में सामने आया कि कथित तौर पर विभिन्न दलालों के माध्यम से फर्जी खेल प्रमाण पत्र बनवाए गए थे। इन प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी से प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की नियुक्ति शाखा को सत्यापन रिपोर्ट भेजी गई थी।

इस मामले में फर्जी ईमेल से सत्यापन रिपोर्ट भेजने के आरोप में बिमलेन्दू कुमार झा और उसके साथी कमल सिंह को 7 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा स्थानीय पुलिस की मदद से पहले 20 अभ्यर्थियों, तीन सहयोगियों और एक दलाल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल, आपराधिक षड्यंत्र और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत जांच की जा रही है।

पीटीआई रामचंद बेनीवाल भी गिरफ्तार

विशाल बंसल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रामचंद बेनीवाल (41), निवासी डेह, नागौर, जो वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरमा, ब्यावर में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत है; देवी, निवासी बाड़मेर; धोलाराम (26), निवासी करवाड़ा, सांचौर-जालौर; और विकास कुमार (26), निवासी धोरीमन्ना, बालोतरा शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रामचंद बेनीवाल और पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जगदीश सारण ने हरियाणा के रोहतक निवासी सतीश डूल से राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए संपर्क किया था। आरोप है कि सतीश डूल ने विकास कुमार, धोलाराम और देवी से चार-चार लाख रुपए लेकर पिछली तारीख के ताइक्वांडो प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए।

अन्य अभ्यर्थियों से पांच-पांच लाख लेने का आरोप

एसओजी के अनुसार रामचंद बेनीवाल पर पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों मुमताज, बबीता जाखड़, मांगीलाल, नरेंद्र बिडियासर, ममता कुमारी और ज्योतिरादित्य से पांच-पांच लाख रुपए लेकर पिछली तारीख के ताइक्वांडो प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का भी आरोप है। इन प्रमाण पत्रों के आधार पर संबंधित अभ्यर्थियों के नाम शिक्षक भर्ती की दो गुना चयन सूची में आए थे और उन्होंने दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रमाण पत्र जमा करवाए थे। एसओजी ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कथित फर्जी प्रमाण पत्रों से जुड़े लेन-देन की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here