जयपुर। पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जयपुर दक्षिण पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में चाकसू और कोटखावदा थाना क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह, चाकसू और कोटखावदा थानाधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बूथों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को पूर्व की घटनाओं के आधार पर चिन्हित संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए बिजली, पानी, छाया और शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
चाकसू और कोटखावदा थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस बल को लगातार सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त करने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

















