थार से टक्कर मार युवक का अपहरण करने वाले आर्मी जवान सहित तीन गिरफ्तार

0
13

जयपुर। ठगी का बदला लेने के लिए एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसका अपहरण करने के मामले में कालवाड़ थाना पुलिस ने आर्मी जवान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले थार गाड़ी से युवक की कार को टक्कर मारी, फिर डंडों और सरियों से हमला कर उसे पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल थार और स्विफ्ट कार बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार पार्थ सिटी निवासी मनीष यादव ने 2 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई गोविंद यादव अपनी स्विफ्ट कार में पड़ोसी कौशल स्वामी और अन्य दोस्तों के साथ रॉयल सिटी में जोधपुर मिष्ठान भंडार के पास खड़ा था। शाम करीब सात बजे गलत दिशा से आई काले रंग की थार ने गोविंद की कार को टक्कर मार दी।

इसके बाद थार से उतरे छह-सात लोगों ने डंडों और सरियों से कार पर हमला कर दिया। इस दौरान कौशल और अन्य दोस्त मौके से भाग निकले, लेकिन हमलावरों ने गोविंद को सड़क पर पटककर मारपीट की और पिस्तौल की नोक पर जबरन थार में डालकर सुशांत सिटी की तरफ ले गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी के विवाद का बदला लेने के लिए मुख्य साजिशकर्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। जिसके बाद कालवाड़ थानाधिकारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी शाखा और जिला विशेष शाखा की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और फिर आरोपित राजेश चौधरी (29) निवासी फागी जयपुर ग्रामीण, राजू लाल मीणा (28) निवासी दौसरा मंडालिया, माधोराजपुरा, फागी और भागीरथ गुर्जर (26) निवासी झाझेड़ा चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। राजेश चौधरी आर्मी जवान है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त थार और स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here