दीपावली पर जयपुर के 9 स्मारकों में शाम 5 बजे बाद पर्यटकों की एंट्री बंद

0
4

जयपुर। दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समय में बदलाव किया गया है। 7 से 9 नवंबर तक आमेर महल, हवा महल, नाहरगढ़ किला और जंतर-मंतर सहित नौ प्रमुख स्मारकों में शाम 5 बजे के बाद पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने पर्यटकों की संभावित कम आवक को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेंद्र की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान पर्यटकों की संख्या कम रहने की संभावना है। ऐसे में 7 से 9 नवंबर तक आमेर महल, राजकीय केंद्रीय संग्रहालय, हवा महल, जंतर-मंतर, नाहरगढ़ किला, ईसरलाट, सिसोदिया रानी का बाग, विद्याधर का बाग और गांधी वाटिका शाम 5 बजे बंद कर दिए जाएंगे।

विभाग की ओर से स्मारकों के बदले हुए समय की जानकारी ई-टिकटिंग व्यवस्था और विभागीय वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने देशी-विदेशी पर्यटकों से अपील की है कि वे इन तीन दिनों में स्मारकों का भ्रमण करने के लिए शाम 5 बजे से पहले पहुंचें, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा नहीं हो।

इधर पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देशी-विदेशी सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए स्मारकों और संग्रहालयों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त होमगार्ड तैनात किए गए हैं। वहीं, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here