जयपुर। दीपावली के पर्व को लेकर गुलाबी नगरी के मंदिरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दीपोत्सव पर मां लक्ष्मी की आराधना, विशेष पूजा-अर्चना और भव्य सजावट के साथ मंदिरों में भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा। खासतौर पर जयपुर के ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली पर विशेष पूजा का धार्मिक महत्व रहेगा। श्रद्धालु धन, वैभव, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर माता के दरबार में पहुंचेंगे। विशेष फूलों की माला और प्रसाद का भोग अर्पण करेंगे।
जयपुर का प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर अपनी विशिष्ट गज लक्ष्मी प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। यहां मां लक्ष्मी हाथियों के साथ विराजमान हैं। दीपावली पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन का विशेष महत्व रहता है। मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यताओं के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
पुराने जयपुर स्थित गोविंद देवजी मंदिर में दीपावली पर भगवान राधा-गोविंद के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती है। मंदिर में भजन, संकीर्तन और आरती के दौरान भक्तिमय वातावरण रहता है।
दीपावली पर भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व है। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में श्रद्धालु सुख-समृद्धि और निर्विघ्न जीवन की कामना के साथ दर्शन करेंगे।
जेएलएन मार्ग स्थित बिरला मंदिर में सफेद संगमरमर की भव्यता के बीच दीपोत्सव की रौनक देखने को मिलेगी। मंदिर की रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहती है। बड़ी चौपड़ स्थित लक्ष्मीनारायणजी मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख देवालयों में भी दीपावली पर विशेष पूजा और सजावट की तैयारियां रहेंगी।
श्रद्धालु मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे। दीपावली पर जयपुर के मंदिरों में दीपदान, आरती और प्रसाद वितरण के साथ आस्था का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
वहीं सांगानेरी गेट, अग्रसेन कटला स्थित महालक्ष्मी मंदिर यह श्रीमाली समाज का प्रमुख मंदिर है। जिसमें विशेष रूप से मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना होती है। महालक्ष्मी मंदिर, जौहरी बाजार जो कि परकोटे में स्थित प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर है। महालक्ष्मी मंदिर, बड़ी चौपड़ क्षेत्र में यह पुराने जयपुर में मां लक्ष्मी की आराधना का प्रमुख स्थान है।
लक्ष्मी नारायण, बिरला मंदिर, मोती डूंगरी रोड, यह भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित प्रसिद्ध मंदिर है। इसी तरह लक्ष्मी नारायण मंदिर, गलता क्षेत्र में जो कि जयपुर के प्राचीन धार्मिक स्थलों में शामिल हैं। श्री लक्ष्मी मंदिर, सांगानेर क्षेत्र में स्थित लक्ष्मी उपासना का प्रमुख मंदिर है।
















