जयपुर। भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में मंगलवार देर रात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर एक ऑटो रिक्शा में आग लगा दी। इसके बाद लाठी-डंडों से ऑटो में जमकर तोड़फोड़ की। वारदात के दौरान बदमाशों ने वीडियो भी बनाया। शोर-शराबा सुनकर जागे स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ऑटो मालिक आरिफ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब एक बजे की है। कुछ युवक बजरंग नगर में खड़े ऑटो रिक्शा के पास पहुंचे। इनमें से एक युवक ऑटो पर चढ़ा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते ऑटो आग की लपटों में घिर गया और जलकर खाक हो गया। साथ आए अन्य युवकों ने लाठी-डंडों से ऑटो में तोड़फोड़ की। आरोपियों के पास हथियार होने की बात भी सामने आई है।
शोर सुनकर जागे लोग, एक युवक को पकड़ा
देर रात करीब डेढ़ बजे शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले और एक युवक को पकड़ लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ चार-पांच अन्य लोग भी थे, जो मौके से फरार हो गए। लोगों ने आरोपियों पर पहले भी ऑटो के शीशे तोड़ने, वाहनों से बैटरी और वायरिंग निकालने तथा घरों से मोबाइल चोरी करने जैसी घटनाओं में शामिल होने का आरोप लगाया। मौके पर पेट्रोल और परफ्यूम की बोतलें भी दिखाई गईं।
स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। करीब दो बजे पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। ऑटो चालक आरिफ ने बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है और वह आग लगाने वाले युवकों को नहीं जानता।
भट्टा बस्ती थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने अमन (19), निवासी भट्टा बस्ती मस्जिद के पास, को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। पूछताछ में अमन ने बताया कि वह वहां से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रोककर थप्पड़ मारे और वीडियो बनाने के लिए कहा।
पुलिस के अनुसार, घटना के वीडियो में एक आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

















