जयपुर। दीपावली के पर्व को लेकर गुलाबी नगरी के मंदिरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दीपोत्सव पर मां लक्ष्मी की आराधना, विशेष पूजा-अर्चना और आकर्षक सजावट के साथ देवालयों में भक्तिमय माहौल रहेगा। धन, वैभव, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
सांगानेरी गेट स्थित अग्रसेन कटला का महालक्ष्मी मंदिर दीपावली पर विशेष आस्था का केंद्र रहेगा। श्रीमाली समाज के इस प्रमुख मंदिर में मां लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं, जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ क्षेत्र स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। जयपुर का ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर अपनी गज लक्ष्मी प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें मां लक्ष्मी हाथियों के साथ विराजमान हैं।
पुराने जयपुर स्थित गोविंद देवजी मंदिर में भगवान राधा-गोविंद के दर्शन के लिए भक्त पहुंचेंगे। मंदिर में भजन, संकीर्तन और आरती के दौरान भक्तिमय वातावरण रहेगा। वहीं, मोती डूंगरी गणेश मंदिर में श्रद्धालु सुख-समृद्धि और निर्विघ्न जीवन की कामना के साथ भगवान गणेश के दर्शन करेंगे।
बिरला मंदिर में दिखेगी दीपोत्सव की रौनक
जेएलएन मार्ग स्थित बिरला मंदिर में सफेद संगमरमर की भव्यता के बीच रोशनी और सजावट आकर्षण का केंद्र रहेगी। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित इस मंदिर में दीपावली पर विशेष धार्मिक माहौल रहेगा। बड़ी चौपड़ स्थित लक्ष्मीनारायणजी मंदिर और गलता क्षेत्र के लक्ष्मीनारायण मंदिर सहित शहर के अन्य देवालयों में भी पूजा-अर्चना और सजावट की तैयारियां की जा रही हैं। सांगानेर स्थित श्री लक्ष्मी मंदिर में भी श्रद्धालु माता की आराधना करेंगे।
दीपावली पर जयपुर के मंदिरों में दीपदान, आरती और प्रसाद वितरण के साथ आस्था का संगम देखने को मिलेगा।

















