जयपुर। सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में मोबाइल छीनकर वापस लौटाने के बदले फिरौती मांगने वाले दो शातिर बदमाशों को सांगानेर सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का मोबाइल छीनने के बाद उसे वापस देने की एवज में एक हजार रुपए मांगे थे।
पीड़ित ने फोन-पे के जरिए रकम भी ट्रांसफर कर दी, लेकिन आरोपियों ने मोबाइल नहीं लौटाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बिहार निवासी और वर्तमान में सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले मो. फिरदौश आलम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 नवंबर की रात करीब 8:32 बजे वह कंपनी से खाना लेकर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ित ने अपने दोस्त के मोबाइल से अपने नंबर पर कॉल किया तो आरोपियों ने फोन वापस देने के बदले एक हजार रुपए मांगे।
पीड़ित ने आरोपियों की ओर से बताए गए नंबर पर फोन-पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी। हालांकि, मोबाइल वापस मिलने से पहले ही उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सौरभ कुमार कोली (23) और हेमंत कुमार महावर (22) को पकड़ा। दोनों आरोपी करौली जिले के टोडाभीम थाना क्षेत्र के शहराकर गांव के निवासी हैं।
पूछताछ में दोनों ने मोबाइल छीनने की वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

















