जयपुर। जगतपुरा इलाके में बुधवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की दो घटनाएं सामने आईं। अक्षयपात्र के पास स्विफ्ट कार चालक ने कई बाइकों और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक कार को रिवर्स गियर में ही तेज रफ्तार से भगाकर फरार हो गया। वहीं, दूसरी घटना में उत्तर-पश्चिम रेलवे मुख्यालय के पास स्कॉर्पियो चालक ने बीच सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अक्षयपात्र के पास स्विफ्ट चालक ने अंधाधुंध गति से वाहन दौड़ाते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मारी। स्थानीय लोगों ने उसे रोकने के लिए पीछा किया और पत्थर उठाकर रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन चालक रिवर्स में ही कार भगाकर ले गया।
रामनगरिया थाना प्रभारी अनिल कुमार टेलर ने बताया कि पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर ली है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उधर, रेलवे मुख्यालय के पास स्कॉर्पियो चालक की स्टंटबाजी से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी खतरे में पड़ गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है।

















