जयपुर। सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा में स्थित श्री शुक संप्रदाय आचार्य पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में शुक्रवार को पांच दिवसीय दीपमालिका महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्री शुक संप्रदायाचार्य पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव के दौरान ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार एवं आचार्य सद्गुरुदेव सरकार के विशेष सेवा-दर्शन, पुष्प व मणिमय शृंगार और कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। इन विशेष सेवा-दर्शनों का लाभ श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं।
श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने जानकारी दी कि धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुरजी का अभ्यंग स्नान करवाकर मार्जन एवं फुलेली सेवा की गई। इसके बाद फूलों से ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार का मनमोहक शृंगार किया गया।
महोत्सव की श्रृंखला में आगामी 7 नवंबर को रूप चतुर्दशी के मौके पर केसर-चंदन उबटन शृंगार के साथ आचार्य चरण पादुका का विशेष अर्चन किया जाएगा। वहीं, 8 नवंबर को दीपावली के पावन पर्व पर विशेष मणिमय एवं पुष्प शृंगार किया जाएगा, जिसमें दीपमालिका पूजन और रात्रि के समय पारंपरिक चौसर झांकी सजाई जाएगी। पांच दिनों तक चलने वाले इन धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

















