जयपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रूप चतुर्दशी (छोटी दीपावली) के दिन शनिवार को श्री भन्दे बालाजी धाम में समरस महाभोग आयोजन किया जाएगा। आयोजन संत अमरनाथ महाराज के सान्निध्य में सुबह 8 बजे होगा। इसमें श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार देशी घी की बूंदी (दाना) लेकर पहुंचेंगे और भगवान को महाभोग अर्पित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित किया गया महाभोग प्रसाद कच्ची बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया जाएगा ताकि दीपावली की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सकें। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति (रजि.) के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज ने सभी भक्तों से आयोजन में सहभागी बनने और अपनी श्रद्धानुसार देशी घी की बूंदी लेकर पहुंचने का आग्रह किया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से शनिवार सुबह ठीक 8 बजे श्री भन्दे बालाजी धाम पहुंचने की अपील की है, ताकि महाभोग आयोजन समय पर संपन्न हो सके। इस पहल के माध्यम से हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति के साथ सेवा और जरूरतमंदों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का संदेश दिया जाएगा।















