चोरों ने की दो घरों से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी

0
52

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। एक वारदात में परिवार के सदस्य घर में ही सोते रहे और चोर छत का गेट तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाशों ने सो रहे परिवार के कमरों को बाहर से बंद कर दिया और पूजा घर में रखी अलमारी के लॉकर से जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। दूसरी वारदात आकेड़िया गांव में हुई, जहां चोर घर के ताले तोड़कर अलमारी और बक्सों में रखे गहने चुरा ले गए।

एएसआई बाबूलाल ने बताया कि गोदूराम मीना की ढाणी, शिवदासपुरा निवासी शंकरलाल मीना (47) के घर चोरी हुई। शनिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए थे। देर रात करीब ढाई बजे बदमाश छत पर चढ़े और सीढ़ियों के गेट को तोड़कर घर में प्रवेश कर गए।

इसके बाद परिवार के सदस्यों के सोने वाले कमरों को बाहर से बंद कर दिया। बदमाश पूजा घर में रखी अलमारी के लॉकर से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के सदस्यों की नींद खुलने पर वारदात का पता चला।

वहीं दूसरी वारदात शिवदासपुरा के आकेड़िया निवासी श्योजीराम शर्मा (56) के घर हुई। परिवार के सदस्य रात को घर के अंदर सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर बक्सों और अलमारियों में रखे जेवरात गायब मिले।

दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here