कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला

0
234

जयपुर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में कैफे बंद कर पैदल घर लौट रहे संचालक पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। बाइक और स्कूटी पर आए हमलावरों ने पहले से घात लगाकर बैठे होने के बाद युवक पर पीछे से ताबड़तोड़ वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से कैफे संचालक सड़क पर गिर पड़ा।

इसके बाद भी बदमाश उसे पीटते रहे। उसे मरा समझकर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर का ऑपरेशन करना पड़ा। घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया है।

थानाधिकारी अरविन्द सिंह शेखावत ने बताया कि वैशाली नगर निवासी मयंक गोपालिया (34) वैशाली मार्ग पर ओवन द बेकरी कैफे संचालित करते हैं। 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे वह कैफे बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। कैफे से कुछ दूरी पर गली के मोड़ पर बाइक और स्कूटी सवार बदमाश पहले से खड़े थे। मयंक के वहां पहुंचते ही हमलावर पीछे से दौड़कर आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमलावरों के वार से मयंक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद भी बदमाश उन पर लगातार वार करते रहे। कुछ देर बाद हमलावर उन्हें अधमरा हालत में छोड़कर बाइक और स्कूटी पर सवार अपने साथियों के साथ फरार हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने घायल मयंक को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों को उनके सिर का ऑपरेशन करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। मयंक के बेहोशी की हालत में होने के कारण पुलिस ने उनके परिजनों और कैफे कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। इसके बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बाइक और स्कूटी सवार हमलावर गली के मोड़ पर इंतजार करते दिखाई दिए। मयंक के पहुंचते ही उन्होंने हमला कर दिया और वारदात के बाद फरार हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 5 नवंबर की दोपहर मयंक का कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी से विवाद हुआ था। महिला कर्मचारी का एक दोस्त आए दिन उससे मिलने कैफे आता था। घटना वाले दिन भी उसके कैफे आने पर मयंक ने आपत्ति जताई थी। आरोप है कि जाते समय महिला कर्मचारी के दोस्त ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इसी एंगल से भी जांच कर रही है।

थानाधिकारी अरविन्द सिंह शेखावत ने बताया कि शनिवार रात तक घायल मयंक बयान देने की स्थिति में नहीं थे। परिजनों की शिकायत पर रविवार दोपहर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here