मकान देखने गई युवती से नशे में धुत पड़ोसी ने की मारपीट

0
23

जयपुर। नारायण विहार थाना इलाके में मकान खरीदने के लिए देखने गई एक युवती के साथ पड़ोसी ने अभद्रता और मारपीट कर दी। शराब के नशे में धुत आरोपी ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवती को लोहे की रेलिंग पर धक्का दे दिया और उसका हाथ पकड़कर कई थप्पड़ मारे। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पत्नी से बंदूक लाने के लिए कहा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सोमवार को नारायण विहार थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार महेश नगर निवासी 31 वर्षीय युवती 6 नवंबर रात मांग्यावास स्थित रणजीत विहार में अपने परिचित के घर गई थी। वह मकान खरीदने के सिलसिले में उसे देखने पहुंची थी। करीब आधे घंटे बाद मकान के सामने रहने वाला पड़ोसी अंकित राजावत वहां आ गया। परिचित के घर के बाहर कार खड़ी देखकर शराब के नशे में धुत आरोपी गाली-गलौज करने लगा।

युवती ने बाहर आकर गाली-गलौज का कारण पूछा तो आरोपी अभद्रता करने लगा। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे लोहे की रेलिंग पर धक्का दे दिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर एक के बाद एक कई थप्पड़ मारे।

आरोपी की पत्नी जब बाहर आई तो उसने उससे ऊपर से बंदूक लाने को कहा। साथ ही धमकी दी कि आज इन्हें मार डालूंगा। इस दौरान युवती ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर झगड़े की सूचना दी। इसके बाद आरोपी की पत्नी उसे पैदल ही वहां से भगा ले गई।

थानाधिकारी राजेन्द्र मीणा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसका मेडिकल करवाया गया है। पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते हैं। इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने मारपीट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी मोबाइल बंद कर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here