जयपुर। वैशाली नगर स्थित श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव धूमधाम और श्रद्धाभाव से मनाया गया। प्राचीन वैष्णव परंपरा के अनुसार आयोजित महोत्सव में ठाकुरजी का विशेष शृंगार किया गया और उन्हें 1100 से अधिक प्रकार के सात्विक व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
अन्नकूट की आकर्षक झांकी में दुग्ध पदार्थों, फलों और विभिन्न अनाजों से तैयार पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के साथ राजस्थानी, गुजराती, दक्षिण भारतीय, उत्तर भारतीय तथा देश-विदेश के व्यंजन सजाए गए। संतों और श्रद्धालुओं ने शास्त्रोक्त विधि से गोवर्धन पूजा की तथा अन्नकूट की मुख्य आरती कर जनसामान्य की सुख-समृद्धि और विश्वशांति के लिए प्रार्थना की।
मंदिर के कोठारी संत जयतीर्थ स्वामी ने पर्व की महिमा बताते हुए कहा कि करीब पांच हजार वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा की थी और अन्नकूट उत्सव की परंपरा प्रारंभ की थी। आज बीएपीएस के देश-विदेश में स्थित सभी मंदिरों में यह महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि अन्नकूट का मूल संदेश है कि भगवान ही सर्वकर्ता और सर्वहर्ता हैं। जो भक्त भगवान की शरण में रहते हैं, उनकी रक्षा भगवान सदैव करते हैं। जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी, उसी प्रकार भगवान अपने भक्तों की रक्षा करते हैं।
महोत्सव में कई गणमान्य लोगों ने गोवर्धन पूजा और गौमाता का पूजन किया तथा अन्नकूट की विशेष झांकी के दर्शन किए। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन और अन्नकूट प्रसादी का लाभ लिया।
इस आयोजन के दौरान बाल मंडल की ओर से व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी लगाई गई।
इसमें आगंतुकों को नशे और अन्य व्यसनों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर उन्हें व्यसन त्यागने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को खेल-खेल में संस्कारों की शिक्षा देने के उद्देश्य से केशव गेम जोन भी बनाया गया, जिसका संचालन बाल मंडल ने किया। वहीं महिला और पुरुष स्वयंसेवकों ने घर सभा के माध्यम से पारिवारिक शांति का संदेश दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संतों और स्वयंसेवकों की ओर से पार्किंग, जूते-चप्पल रखने तथा जलपान की निशुल्क व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में मंदिर के स्वयंसेवकों के साथ पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा।

















