बीटेक पास युवक ने रची थी हिस्ट्रीशीटर की हत्या की साजिश: कैंपर से टक्कर मारकर उतारा मौत के घाट

0
50
Murder of history-sheeter Vijay Bajia
Murder of history-sheeter Vijay Bajia

जयपुर। राजधानी जयपुर के करधनी थाना इलाके में बुधवार रात जोबनेर के हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया (25) की सरेराह कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी अनीश गोलिया उर्फ जग्गू (21) सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने वर्ष 2019 में अपने पिता कैलाश गोलिया की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए आरोपियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई थी। पुलिस अब इस वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और गैंगवार के पहलू से भी जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अनीश गोलिया उर्फ जग्गू, कमलेश गोलिया उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी जोबनेर शामिल हैं। बुधवार रात करधनी के जगदंबा नगर स्थित रावण गेट के पास आरोपियों ने विजय की फॉर्च्यूनर गाड़ी को कैंपर से टक्कर मारकर रुकवा दिया। गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के बाद विजय बचने के लिए बाहर निकलकर भागा तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कैंपर लेकर फरार हो गए।

2019 में पिता की हत्या के बाद से बदले की फिराक में था अनीश

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में जोबनेर इलाके में शराब के ठेके के विवाद को लेकर विजय बाजिया और उसके साथियों ने अनीश के पिता कैलाश गोलिया की हत्या कर दी थी। उस समय अनीश की उम्र करीब 14 वर्ष थी। पिता की हत्या के बाद से ही वह विजय से रंजिश रखने लगा था और बदला लेने का मौका तलाश रहा था। आरोपियों ने पहले भी कई बार विजय पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आखिरकार अनीश ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को साथ लेकर 7007 गैंग बनाई और हत्या की साजिश को अंजाम दिया। वारदात वाले दिन विजय और अनीश के बीच बहस होने की बात भी जांच में सामने आई है। इसके बाद आरोपियों ने पहले कुल्हाड़ी खरीदी और विजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

जोबनेर से जयपुर तक किया पीछा

पुलिस के अनुसार बुधवार रात विजय जोबनेर से जयपुर की तरफ आ रहा था। आरोपियों ने कैंपर से उसका पीछा किया। कैंपर को पीछे लगा देखकर विजय ने अपनी फॉर्च्यूनर को रावण गेट की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद जगदंबा नगर के पास आरोपियों ने कैंपर से उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक दिया। गाड़ी खराब होने के बाद विजय बाहर निकलकर भागने लगा, तभी हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुबह चार बजे पुलिस ने दबोचे आरोपी

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को आरोपियों के करधनी इलाके में ही छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उनकी गाड़ी को ट्रेस कर पीछा किया और चारों को दबोच लिया। वारदात में इस्तेमाल कैंपर भी जब्त कर ली गई। पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी किसी स्थान पर छिप गए थे। लगातार पुलिस पीछा किए जाने की आशंका के चलते वे बचने का रास्ता तलाश रहे थे और थाने में आत्मसमर्पण करने जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस की नजर उनकी गाड़ी पर पड़ गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बीटेक कर चुका है मुख्य आरोपी, कॉर्पोरेट कंपनी में करता था नौकरी

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अनीश गोलिया उर्फ जग्गू ने जयपुर के एक निजी कॉलेज से बीटेक किया है। वह करीब पांच महीने पहले तक जयपुर की एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था। हत्या की साजिश उसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के इरादे से तैयार की थी। गिरफ्तार आरोपियों में से अनीश, कमलेश और दिनेश के हाथों पर 7007 गैंग से जुड़े टैटू भी गुदे हुए हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज थे 15 मुकदमे

डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार मृतक विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल हैं। वह करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उसका कई आपराधिक गैंगों से संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है। कैलाश गोलिया की हत्या के अलावा उस पर हत्या का एक अन्य मामला भी चल रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वह प्रॉपर्टी विवादों में लोगों को हत्या तक की धमकियां देता था।

कालवाड़ में किराए का फ्लैट लेकर कर रहा था प्रॉपर्टी कारोबार

विजय बाजिया पिछले काफी समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। पुरानी रंजिश के चलते उस पर पहले भी तीन-चार बार हमले हो चुके थे। वह जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था। उसकी गाड़ी का नंबर भी 0302 बताया गया है। इसके अलावा वह हाल ही में खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने क्षेत्र में बैनर और पोस्टर भी छपवाए थे, हालांकि बाद में चुनाव नहीं लड़ा। स्थानीय स्तर पर उसके आपराधिक मामलों और छवि को लेकर विरोध की बात भी सामने आई है।

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पुलिस ने की सराहना

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने वारदात के दौरान छत से वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की सराहना की। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने घटनाक्रम का वीडियो बनाने के साथ ही बिना किसी परिचय के हमलावरों को रोकने और वहां से हटाने का प्रयास भी किया। इस वीडियो को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश में चार गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। प्रारंभिक तौर पर वारदात की वजह वर्ष 2019 में हुई कैलाश गोलिया की हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है, लेकिन पुलिस आपसी गैंगवार और अन्य आपराधिक संपर्कों के पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here