जयपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत जयपुर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर जयपुर के महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा भी उपस्थित रहे।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेशवासियों के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन, जल प्रबंधन और नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में जयपुर में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
खर्रा ने इस सम्मान का श्रेय जयपुर के नागरिकों, स्वच्छता कर्मियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और जन सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व और सामूहिक संस्कारों का प्रतिबिंब है। जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आधुनिक कचरा प्रबंधन को मजबूत करने तथा प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि यह सम्मान नई ऊर्जा के साथ और बड़ी जिम्मेदारी भी देता है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्वच्छ, सुंदर जयपुर और विकसित राजस्थान का निर्माण करना है। इसके लिए जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जीवन शैली बनाने की आवश्यकता है।

















