कर्ज चुकाने के लिए दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से 37 लाख के गहने लूटने वाला दिल्ली से गिरफ्तार

0
17

जयपुर। वैशाली नगर इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में चाकू की नोक पर करीब 37 लाख रुपए के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने वारदात के आरोपी दिग्विजय सिंह (32) निवासी देवी नगर कालवाड़ रोड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए लूट की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन और 15 लाख रुपए का पर्सनल लोन बकाया था। इसके अलावा उसने दोस्तों से भी उधार ले रखा था। फिलहाल लूटे गए गहनों की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वेलर्स शोरूम में लूट की वारदात हुई थी। शोरूम में ज्वेलरी कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत अंजलि कायस्थ ने इस संबंध में वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि सुबह शोरूम खोला था।

उस समय सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता भी वहां मौजूद थे। सुबह करीब 10:30 बजे वह मैनेजर रोहित जांगिड़ से फोन पर स्टॉक रिपोर्ट कार्ड को लेकर बात कर रही थीं। इसी दौरान मुंह पर मास्क और सिर पर पीली टोपी लगाए एक युवक काले रंग का बैग लेकर शोरूम में दाखिल हुआ।

युवक ने अचानक बैग से चाकू निकालकर महिला कर्मचारी को धमकाया और गहने बैग में रखने के लिए कहा। महिला कर्मचारी ने सिक्योरिटी गार्ड को आवाज लगाई तो बदमाश ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर महिला कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और शोरूम में रखे सोने व हीरे के आभूषण जबरन अपने बैग में भर लिए। वारदात के दौरान भय के कारण महिला कर्मचारी और गार्ड विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

7 हार और 31 अंगूठियां लूटकर ले गया था आरोपी

वारदात के बाद शोरूम स्टाफ और मालिक ने स्टॉक की जांच की तो सात गले के हार और 31 अंगूठियां गायब मिलीं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपए बताई गई। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। फुटेज में सामने आया कि आरोपी स्कूटी से शोरूम के आसपास पहुंचा था और पहले रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर मास्क और सिर पर कैप लगा रखी थी।

300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण, आसूचना तंत्र और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए गहनों को बेचने के लिए दिल्ली गया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी आधार पर उसका पीछा किया और दिल्ली पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। जयपुर लाकर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बीएससी नर्सिंग कर चुका है आरोपी, विदेश में भी की पढ़ाई

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिग्विजय सिंह बीएससी नर्सिंग कर चुका है। वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश भी गया था और वहां नौकरी करने का अनुभव भी रखता है। इसके लिए उसने करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन लिया था। इसके अलावा करीब 15 लाख रुपए का पर्सनल लोन और दोस्तों से भी उधार ले रखा था।

नौकरी छूटने के बाद वह पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार था। वह ओयो कंपनी के लिए अनुबंध आधार पर संपत्तियों की तलाश का काम कर रहा था। कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने पर उसने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई और ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाया।

शादीशुदा है आरोपी, चार साल का बेटा

पुलिस के अनुसार आरोपी शादीशुदा है और उसका चार साल का बेटा है। उसका इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। नौकरी छूटने और आर्थिक तंगी के चलते वह कर्ज में डूब गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने शोरूम की रेकी की और चाकू की नोक पर गहने लूट लिए।

वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दिल्ली से पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से लूटे गए सात हार और 31 अंगूठियों की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद उसने गहने कहां छिपाए या किसी को बेचे हैं।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

इस मामले के खुलासे के लिए प्रोबेशनर आईपीएस अदिति उपाध्याय के सुपरविजन में वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत, डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी, चित्रकूट थानाधिकारी विक्रम सिंह और करणी विहार थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई मोहित सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, कांस्टेबल दीपचंद, विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, सुशील कुमार, भरत सिंह, राजेंद्र कुमार, रामेश्वरलाल, राकेश कुमार, सांवरमल, मुकुट और महेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here