जयपुर। सुभाष चौक थाना क्षेत्र के पन्नीगरान इलाके में शुक्रवार रात शादी समारोह के दौरान पानी की बोतल फेंकने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तनवीर के सिर में चोट आई। खास बात यह है कि झगड़ा करने वाले दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं।
थानाधिकारी भरत लाल मीणा ने बताया कि पन्नीगरान इलाके में शादी समारोह के दौरान दावत चल रही थी। इसी दौरान पानी की बोतल फेंकने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए और जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तनवीर के सिर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
वहीं इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग सुभाष चौक थाने पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के लोग अपने चेहरे छिपाते नजर आए। पुलिस ने घायल तनवीर को मेडिकल जांच के लिए भेजा। वहीं दूसरे पक्ष के सतार और उसके बेटे को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण करवाया।
थानाधिकारी ने बताया कि जुनैद अहमद की ओर से रिपोर्ट दी गई है कि उसके भाई के साथ सतार और उसके बेटों ने मारपीट की। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद करने की कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

















