सूने मकान में घुसे बदमाश: 70 हजार की मशीन समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए

0
29

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में सूने मकान को निशाना बनाकर तीन बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम दे गए। बदमाश मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे और पानी की मोटर, पाइप, मशीन सहित कीमती सामान प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ले गए। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मानसरोवर थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस के अनुसार मानसरोवर निवासी सुमित भार्गव (57) फाइबर का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 10 नवंबर को परिवार के बाहर जाने के दौरान बदमाशों ने मकान को निशाना बनाया। बदमाश पानी की मोटर और पाइप खोलकर ले गए। इसके अलावा 3 एचपी की मशीन, करीब 25 हजार रुपए कीमत के बिजली के तारों के बंडल और 70 हजार रुपए कीमत की फाइबर केबल टेस्टिंग टूल मशीन भी चोरी कर ली।

पीड़ित के अनुसार रात करीब 11 बजे घर लौटने पर उन्हें छत पर लोहे की रॉड पड़ी मिली। रात करीब 12:30 बजे दीपावली की लाइटिंग बंद करने के लिए छत पर जाने पर रॉड देखकर शक हुआ। इसके बाद मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चोरी का पता चला।

फुटेज में रात करीब 10:20 बजे बाइक से आए तीन बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुसते दिखाई दिए। वे करीब एक घंटे तक घर में रहे और रात 11:20 बजे प्लास्टिक के कट्टों में सामान भरकर बाहर निकल गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here