
जयपुर। भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक ऑडिट वीक मनाया जाएगा। इसके तहत जयपुर स्थित महालेखाकार भवन में विभाग के आठ कार्यालयों की ओर से अपने कार्यों और गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी, जिससे लोग विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों को समझ सकेंगे।
प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हक) प्रवीन्द्र यादव ने बताया कि वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष 16 नवंबर को ऑडिट दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष ऑडिट वीक का शुभारंभ 16 नवंबर को नई दिल्ली में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के संजय मूर्ति करेंगे। इस दौरान विभाग के विभिन्न कार्यालयों में जागरूकता और संवाद से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विभागीय कर्मचारियों के लिए 18 नवंबर को निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी। वहीं 19, 23 और 26 नवंबर को विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें रिमोट एवं हाइब्रिड ऑडिटिंग, डेटा की विश्वसनीयता, सुरक्षित डिजिटल साक्ष्य, लेखांकन एवं कोषागार, डीडीओ और पेंशन प्राधिकरणों का डिजिटलीकरण तथा सार्वजनिक वित्त एवं सरकारी लेखांकन जैसे विषय शामिल होंगे।
ऑडिट वीक के दौरान विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों के लिए सार्वजनिक वित्त, सरकारी लेखांकन और सार्वजनिक लेखा परीक्षा में करियर की संभावनाओं पर संवाद सत्र भी होंगे। साथ ही सीएजी-भाषिणी के हिंदी अनुवाद एप्लीकेशन की जानकारी दी जाएगी।
यादव ने बताया कि 25 नवंबर को कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 27 नवंबर को समापन कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विभाग के अनुसार, ऑडिट वीक का उद्देश्य लेखा परीक्षा और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों को विभाग के कार्यों से परिचित कराना है।















