20 नवंबर से सनातन जागृति महाअभियान के तहत छह दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आगाज

0
29
Sanatan Awakening Mega-Campaign
Sanatan Awakening Mega-Campaign

जयपुर /बीकानेर। भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संचालित सनातन जागृति महाअभियान के तहत 44वें चातुर्मास पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर 20 से 25 नवंबर तक छह दिवसीय धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा तथा श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में देवउठनी एकादशी, तुलसी विवाह महोत्सव, यज्ञ, महाआरती, दीपोत्सव और राष्ट्रीय संकल्प शपथ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

कार्यक्रम धनीनाथ गिरि मठ (कोटगेट), नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, शिव मठ (शिवबाड़ी) और श्री कोलायतजी सहित बीकानेर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर संतों के सानिध्य में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
महोत्सव के आधिकारिक बैनर का विमोचन नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में किया गया।

भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री विप्र महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित योगेंद्र कुमार दाधीच के सानिध्य में हुए समारोह में मुख्य पुजारी नवरतन सेवग, पुजारी बुलाकी सेवग, जेठमल गहलोत, नवल कल्ला, विष्णु प्रसाद अग्रवाल, बंशीलाल व्यास, हर्षा महाराज, केदारनाथ जोशी, सुरेन्द्र कुमार जोशी, शिव प्रकाश व्यास, रामदेव सेवग और कालू अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे। इससे पूर्व पंडित दाधीच ने मंदिर में विशेष पूजन और भोग अनुष्ठान किया।

महाअभियान के तहत सवा लाख वैदिक मंत्रों से अभिमंत्रित एवं पूजित देवी-देवताओं के चित्र श्रद्धालुओं को निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इनमें लक्ष्मी-गणेश, माता सरस्वती, शिव दरबार, राम दरबार, हनुमान जी, भगवान विष्णु के दस अवतार, राधा-कृष्ण, दुर्गा माता, भगवान परशुराम, गंगा माता, दधिमती माता और भगवान दधीचि के चित्र शामिल हैं। श्रद्धालु इन चित्रों को आयोजन के दौरान तथा निर्धारित मंदिर केंद्रों से प्राप्त कर सकेंगे।

अनुष्ठान के मुख्य प्रणेता पंडित योगेंद्र कुमार दाधीच ने सनातन धर्मावलंबियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने नजदीकी निर्धारित मंदिर केंद्र पर पहुंचकर अभिमंत्रित देवचित्र निःशुल्क प्राप्त करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here