
जयपुर। राजधानी जयपुर के श्री नहर के गणेश जी महाराज मंदिर (श्री गणेश धाम) माउंट रोड ब्रह्मपुरी में 18 नवंबर (बुधवार) को भव्य अन्नकूट महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर के महंत पं. जय शर्मा और युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि महोत्सव के तहत शाम 5 बजे से भगवान श्री नहर के गणेश जी महाराज की अन्नकूट झांकी के दर्शन शुरू होंगे। इसके बाद शाम 7:15 बजे से श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। वहीं, सायंकालीन आरती के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें भजनों के माध्यम से भगवान गणेश की आराधना की जाएगी।
इस महोत्सव के दौरान श्रद्धालु अन्नकूट झांकी के दर्शन करने के साथ प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे और भजन संध्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ ले सकेंगे।
















