वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए बीएएमएस विद्यार्थियों का शिष्योपनयन संस्कार

0
18
'Shishyopanayan Sanskar' (initiation ceremony) for new BAMS students amidst the chanting of Vedic mantras
'Shishyopanayan Sanskar' (initiation ceremony) for new BAMS students amidst the chanting of Vedic mantras

जयपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय) जयपुर में सोमवार को बीएएमएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘आयुरप्रवेशिका 2026 एवं व्हाइट कोट सेरेमनी’ के तहत पारंपरिक शिष्योपनयन संस्कार आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बीच विद्यार्थियों ने आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा के नए सफर की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञानार्जन और सफल चिकित्सकीय जीवन की मंगलकामना की गई।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रो. गोविन्द सहाय शुक्ला तथा राजस्थान सरकार के आयुर्वेद विभाग के निदेशक डॉ. आनंद कुमार शर्मा उपस्थित रहे। संस्थान के प्रो. पी. हेमंता, संयुक्त निदेशक जे.पी. शर्मा, प्रो. एच.एम.एल. मीना और प्रो. सुदीप्त रथ सहित चिकित्सकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी हवन और पूजा-अर्चना में भाग लिया।

कुलगुरु प्रो. गोविन्द सहाय शुक्ला ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सेवा भावना, अनुशासन, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को आयुर्वेद की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा का अनुसरण करते हुए अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं रोगियों के कल्याण के लिए करना चाहिए।

संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि संस्थान में प्रवेश विद्यार्थियों के लिए केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि जिम्मेदार चिकित्सक बनने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को आयुर्वेद के सिद्धांतों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान, अनुशासन और रोगी सेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय परंपराओं का लाभ उठाकर भविष्य में समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का आह्वान किया।

संस्थान में आयुरप्रवेशिका 2026 के तहत 30 नवंबर तक इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, चिकित्सकीय सुविधाओं, अनुसंधान गतिविधियों तथा संस्थान की सांस्कृतिक एवं अकादमिक परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here