जयपुर। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर गुप्त वृंदावन धाम की ओर से गौ माता की सुरक्षा और शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। 13 से 16 नवंबर तक चले इस चार दिवसीय अभियान के तहत जयपुर के 26 स्थानों पर सफाई की गई और वहां से करीब 23 टन कचरा हटाया गया। इस पहल के माध्यम से गौवंश को खुले में पड़े कचरे और प्लास्टिक से होने वाले खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ गौमाता की रक्षा का संकल्प लिया गया।
गुप्त वृंदावन धाम की ओर से यह अभियान हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में गौ सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों से प्रेरित होकर शुरू किया गया। अभियान के तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर सफाई कार्य किया गया। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता और गौवंश की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए संदेश युक्त फ्लेक्स भी लगाए जा रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों और खुले स्थानों पर पड़े कचरे को हटाना ही नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना भी है कि सड़क किनारे फेंका गया कचरा और प्लास्टिक की थैलियां गौवंश के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। कचरे में मौजूद प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी सामग्री के सेवन से गोवंश के जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है।
गुप्त वृंदावन धाम की ओर से नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने तथा गौमाता की रक्षा में सहभागी बनने की अपील की गई है। धाम की ओर से संदेश दिया गया कि नागरिकों की थोड़ी-सी जागरूकता किसी गौ माता का जीवन बचाने में मददगार साबित हो सकती है।

















