तेज रफ्तार ट्रेलर ने मां और दो बेटों को कुचला

0
15

जयपुर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उसके दो बेटों की मौत हो गई। पुलिस थाने के पास सड़क पार कर रहे तीनों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मां और दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से दुघेड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई।

नीमराणा थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि मृतका की पहचान बहरोड़ क्षेत्र के दुघेड़ा गांव निवासी कविता देवी के रूप में हुई है। वह अपने दोनों बेटों के साथ पति के खिलाफ शिकायत देने नीमराणा थाने आई थी। शिकायत देने के बाद वह बच्चों के साथ दिल्ली-जयपुर हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए ट्रेलर ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके चलते हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर नीमराणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर नीमराणा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है।

थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि मामले में कुछ अन्य पहलू भी सामने आ रहे हैं। शिकायत और हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एक साथ मां और दो बेटों की मौत से दुघेड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार में कुछ समय पहले तक बच्चों की हंसी-खुशी गूंजती थी, वहां इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here