जयपुर में ढाबों की आड़ में चल रहे शराब और मटन परोसने के अड्डों पर पुलिस की दबिश

0
22

जयपुर। राजधानी जयपुर में ढाबों की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाने और मटन परोसने वाले ठिकानों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां करधनी थाना इलाके में रावण गेट के पास संचालित ऐसे अड्डों पर पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर 50 से 60 लोग अलग-अलग समूहों में बैठकर शराब और मटन का सेवन करते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए करधनी थाना पुलिस को सौंप दिया।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी), पुलिस लाइन के जाप्ते और करधनी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने रावण गेट के पास ऐसे कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी, जहां अवैध रूप से शराब और मटन परोसे जाने की गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

इन स्थानों पर देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे आसपास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। आमजन का रात के समय घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था।

पुलिस के अनुसार ऐसे ठिकानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने से क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने चिह्नित स्थानों पर एक साथ दबिश देकर कार्रवाई की। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी अवैध रूप से शराब और मटन परोसने वाले ठिकानों की पहचान की जा रही है। ऐसे स्थानों पर आगे भी लगातार दबिश देकर कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि करधनी थाना इलाके में रावण गेट के पास 11 नवंबर की रात जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया था कि अनीश गोलिया ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर विजय बाजिया पर हमला किया था। पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाकों में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here