राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस

0
15

जयपुर । राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत प्रदेश के 36 हजार 765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाली 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कम्युनिटी पुलिसिंग) लता मनोज कुमार तथा शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और छात्राओं में आत्मविश्वास विकसित होगा। उन्होंने इस कार्य के लिए राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता जताते हुए अधिकारियों को पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।

राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

एडीजी लता मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीईटी) अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ये प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे।

विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षित महिला शिक्षक संबंधित विद्यालयों की कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण देंगी। इस प्रक्रिया के तहत कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा।

प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों के साथ आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य एवं पोषण, लैंगिक संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उपमहानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप और दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here