प्लॉट और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 23.11 लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
17

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने प्लॉट दिलाने और नगर निगम में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 23 लाख 11 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महेश कुमार मीना (40) निवासी टोडाभीम जिला करौली को गिरफ्तार कर विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा के अनुसार पुलिस के अनुसार, आरोपी से धोखाधड़ी की रकम, प्लॉट दिलाने के नाम पर किए गए लेन-देन और सरकारी नौकरी लगवाने के झांसे से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

खोह नागोरियान थानाधिकारी सुनील गोदारा के अनुसार परिवादी सूरज मल ने 26 अगस्त 2025 को खोह नागोरियान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी महेश कुमार मीना ने उसे प्लॉट नंबर 54, 55 और 56 दिलाने तथा नगर निगम जयपुर में सफाई कर्मचारी भर्ती के तहत सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।

आरोपी ने इन कामों के बदले परिवादी से कुल 23 लाख 11 हजार रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन न तो उसे प्लॉट दिलवाए और न ही सरकारी नौकरी लगवाई। इस प्रकार आरोपी ने परिवादी के साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली। इस संबंध में खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज कर जांच पडताल शुरू की गई।

गठित पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों, पारंपरिक पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की सहायता से फरार आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी महेश कुमार मीना को गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here