रास पूर्णिमा उत्सव:ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर कराई नवीन पोशाक

0
22

जयपुर। छोटी काशी जयपुर में मंगलवार को रास पूर्णिमा का उत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न वैष्णव मंदिरों में ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार कर मनोहारी झांकियां सजाई गईं। मंगला झांकी के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया गया। पवित्र मार्गशीर्ष मास के प्रारंभ के साथ ही मंदिरों में विशेष सेवा-पूजा के आयोजन भी शुरू हुए।

रास पूर्णिमा पर ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई और विभिन्न विशेष अलंकारों से श्रृंगार किया गया। विशेष फूलों से सजी झांकी के साथ ठाकुरजी को दूध, पान और इत्र की सेवा अर्पित की गई। इस अवसर पर खीर और मावे के लड्डुओं का विशेष भोग लगाया गया।

सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में कार्तिक पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार को धवल पोशाक धारण कराकर सफेद पुष्पों से श्रृंगारित किया गया। सरस पदों के गायन से ठाकुरजी को रिझाया गया। शाम को देव दिवाली के अवसर पर मंदिर परिसर में दीपदान किया गया।

इसके अलावा पुरानी बस्ती स्थित राधा गोपीनाथ जी, चौड़ा रास्ता स्थित श्री राधा दामोदर जी और मदनगोपाल जी, रामगंज बाजार स्थित लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित आनंद कृष्ण बिहारी जी तथा बृजनिधि जी सहित शहर के अन्य वैष्णव मंदिरों में भी कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, श्रृंगार और भोग के आयोजन हुए तथा श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here