कार्तिक महोत्सव: प्रभात फेरी में उमड़ा भक्तों का सैलाब

0
21

जयपुर। छोटी काशी जयपुर के आध्यात्मिक केंद्र श्री अमरापुर धाम में मंगलवार को 15 दिवसीय कार्तिक महोत्सव का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ समापन हुआ। 11 नवंबर को भाई दूज से शुरू हुए महोत्सव का समापन 24 नवंबर को श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य कथा के भोग एवं परायण तथा विशाल आम भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन, प्रभात फेरी और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 6 से 7:30 बजे तक कार्तिक माह की अंतिम प्रभात फेरी निकाली गई। संकीर्तन की स्वर लहरियों से पूरा श्री अमरापुर धाम भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरी में भगवान कार्तिकेय, राधा-कृष्ण, सत्यनारायण भगवान, सद्गुरु टेऊंराम जी महाराज और भगवान शिव की सजीव झांकियां सजाई गईं, जिनके श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

प्रभात फेरी के दौरान ‘हरि बोल’, ‘ॐ नमः गुरुदेव स्वामी टेऊंरामाय’, ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘जय जय राधा रमण’, ‘सतनाम साक्षी’ और ‘राधे-राधे गोविंद’ सहित अनेक भजनों और संकीर्तनों से वातावरण गूंजता रहा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सतनाम साक्षी महामंत्र का 108 बार जाप भी किया गया।

इस अवसर पर स्वामी मोहन लाल महाराज ने कहा कि सद्गुरु स्वामी टेऊंराम जी महाराज प्रेम प्रकाश ग्रंथ की आध्यात्मिक वाणी के रचयिता थे। उनकी रचनाओं में दोहे, पद, छंद, भजन और कविताओं के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान एवं जीवन मूल्यों का संदेश मिलता है। संतों ने मंच से पुनः आह्वान किया कि सद्गुरु स्वामी टेऊंराम जी महाराज की वाणी को हिंदी की पाठ्य पुस्तकों में शीघ्र शामिल किया जाए, ताकि नई पीढ़ी भी उनकी शिक्षाओं और आध्यात्मिक संदेश से परिचित हो सके।

महोत्सव के अंतर्गत कार्तिक कथा, आंवला पूजन, देवउठनी एकादशी पर व्रत एवं संकीर्तन, सद्गुरु टेऊंराम गौशाला में गौ पूजन और गौ सेवा, सत्यनारायण कथा तथा दीप प्रज्ज्वलन सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। अंतिम दिन श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य कथा का भोग एवं परायण हुआ। इसके बाद विशाल आम भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। मंदिर और दिव्य समाधि स्थल पर पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया तथा मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here