श्री रामचंद्र जी मंदिर में साकार हुआ धनुष यज्ञ का भव्य प्रसंग

0
22

जयपुर । चांदपोल स्थित ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में आयोजित सात दिवसीय श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव के तहत बुधवार को धनुष यज्ञ का भव्य धार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में जनकपुर की राजसभा का दृश्य साकार हुआ और भगवान श्रीराम तथा माता सीता के विवाहोत्सव की परंपराओं का भक्ति भाव के साथ निर्वहन किया गया।

धनुष यज्ञ के प्रसंग में देशभर से आए राजाओं और वीर योद्धाओं के समक्ष भगवान शिव के दिव्य धनुष को उठाने और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने की प्रतियोगिता का मंचन किया गया। अनेक राजाओं के असफल रहने के बाद गुरु की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने शिव धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते समय उसे भंग कर दिया। धनुष टूटते ही मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

इसके बाद माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में जयमाला पहनाकर उन्हें अपने वर के रूप में स्वीकार किया। इस प्रसंग के साथ मंदिर में विवाह की मंगल परंपराओं के अनुरूप उत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने इस दिव्य आयोजन के साक्षी बनकर आनंद और श्रद्धा व्यक्त की।
महोत्सव के तहत एक अन्य महत्वपूर्ण रस्म में जनकपुर से अयोध्या के लिए भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की लग्न पत्रिका भेजी गई। यह परंपरा दोनों नगरों के बीच वैवाहिक संबंध और मंगल निमंत्रण का प्रतीक है।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे विभिन्न विवाह प्रसंगों के माध्यम से त्रेतायुगीन जनकपुर और अयोध्या की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया जा रहा है। सात दिवसीय श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here